सुप्रीम कोर्ट ने सरकारी भवनों को दिव्यांगों के अनुकूल न बनाने पर केन्द्र को लगाई फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने सरकारी भवनों को दिव्यांगों के अनुकूल न बनाने पर केन्द्र को लगाई फटकारनई दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने सरकारी इमारतों को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने के लिये उसके पिछले साल के फैसले का पालन नहीं करने पर आज केंद्र सरकार को फटकार लगाई और कहा कि सरकार को कानून-व्यवस्था का पालन करना था. शीर्ष अदालत ने राज्यों द्वारा भी उसके आदेश का अनुपालन नहीं करने पर अप्रसन्नता व्यक्त की और संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों को चेताया कि उन्हें देरी का कारण बताने के लिए तलब किया जायेगा. न्यायमूर्ति ए. के. सीकरी और न्यायमूर्ति अशोक भूषण की पीठ ने केन्द्र को चार सप्ताह के भीतर नया हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया जिसमे यह स्पष्ट करना होगा कि 15 दिसंबर, 2017 के फैसले के मद्देनजर क्या कदम उठाए गये हैं और इसे कब तक पूरा किया जाएगा. पीठ ने कहा, ‘‘हमने अपने 15 दिसंबर, 2017 के फैसले में कुछ भी नया नहीं कहा था। यह आपका (केन्द्र) कानून था और हमने आपको सिर्फ उसका पालन करने को कहा है। हम सरकार नहीं चला रहे हैं। आपको कानून-व्यवस्था का पालन करना है.’’



अतिरिक्त सालिसीटर जनरल पिंकी आनंद ने कहा कि इस संबंध में वह चार सप्ताह के भीतर हलफनामा दायर करेंगी. उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले के अनुरूप इस दिशा में काफी काम हुआ है. हालांकि, पीठ ने कहा कि केन्द्र विस्तृत हलफनामा दायर करे. शीर्ष अदालत ने नयी याचिका में न्यायपालिका को दिव्यांगजनों, खासतौर से नेत्रहीन लोगों, के अनुकूल बनाने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए सभी उच्च न्यायालयों के रजिस्ट्रार जनरल और उच्चतम न्यायालय के सेक्रेटरी जनरल को नोटिस जारी किये. शीर्ष अदालत ने 15 दिसंबर, 2017 को सरकारी भवनों, परिवहन और शिक्षण संस्थानों को दिव्यांगजनों के अनुकुल बनाने सहित 11 निर्देश दिये थे. 

Comments

Popular posts from this blog

करुणानिधि बीमार, पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने जाना हाल, आवास की सुरक्षा कड़ी

केंद्र और राज्य सरकार पर फिर बरसा सुप्रीम कोर्ट, पूछा- ताजमहल की सुरक्षा के लिए कौन है जिम्मेदार?

दिल्ली : छात्रा ने कॉलेज की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की