तोड़फोड़ मामले में 2 साल की सजा मिलने के बाद हार्दिक पटेल ने BJP पर साधा निशाना, दिया यह बयान
अहमदाबाद : पाटीदार अनामत आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने कहा कि 'सच, किसानों, युवाओं और गरीबों' के लिए लड़ने वाली उनकी आवाज को भाजपा की 'हिटलरशाही' नहीं दबा पाएगी. दंगा फैलाने के एक मामले में उन्हें दो वर्ष की जेल की सजा सुनाये जाने के तुरंत बाद उन्होंने यह बात कही. गुजरात के मेहसाणा जिले के विसनगर की एक सत्र अदालत के न्यायाधीश वीपी अग्रवाल ने हार्दिक पटेल और उनके दो साथियों लालजी पटेल और एके पटेल को दंगा भड़काने, आगजनी करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने के मामले में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी ठहराया. उन तीनों को उसी अदालत से जमानत मिल गई.इस संबंध में जुलाई 2015 में हार्दिक पटेल सहित 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. अदालत ने साक्ष्य के अभाव में 14 आरोपियों के बरी कर दिया. अदालत के फैसले के तुरंत बाद हार्दिक ने ट्वीट किया, 'सामाजिक न्याय और सामाजिक अधिकार के लिए लड़ना अगर गुनाह हैं तो हां मैं गुनहगार हूं. सत्य और अधिकार की लड़ाई लड़ने वाला अगर बागी है तो हां मैं बागी हूं. सलाखों के पीछे सत्य, किसान, युवा और गरीबों के लिए लड़ने वाली मेरी आवाज को भाजपा की हिटलरशाही सत्ता नहीं दबा सकती.'
via ndtv
Comments
Post a Comment